
दिल्ली। दिल्ली में सुबह के समय कोहरा परेशानी बढ़ाने लगा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। इसके चलते रेल एवं हवाई यातायात पर बड़ा असर देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने सड़कों पर सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते विजिबिलिटी बेहद कम रही। सफदरजंग में सुबह 7:30 बजे विजिबिलिटी 200 मीटर रही, इसी समय पालम में विजिबिलिटी 350 मीटर रह गई। लो विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 10 विमानों ने देरी से उड़ान भरी। वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली एक दर्जन से ज्यादा रेलगाड़ियां देरी से पहुंचीं।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री था, जो रविवार को 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री था जो रविवार को 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह मौसम का सामान्य तापमान है।