
चंदौली: शादी और दुल्हन को लेकर एक दूल्हे ने जो अरमान सजाए थे, वह सुहागरात से पहले ही ठंडे पड़ गए। दूल्हा ससुराल से दुल्हन को विदा कराकर घर के लिए तो निकला लेकिन रास्ते में ही कुछ ऐसा हो गया कि उसके होश ही फाख्ता हो गए। दरअसल चंदौली जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के कोड़रिया गांव के समीप एक मंदिर पर शादी रचाने के बाद दुल्हन व उसके साथी मौका देखकर फरार हो गई। दूल्हे पक्ष से दिए गए 60 हजार नकदी व सोने के आभूषणों को भी अपने साथ ले गई। पीड़ित पक्ष बुधवार को सदर कोतावली पहुंचकर तहरीर दी।

बदायूं जिले के चरबाना थानाक्षेत्र के नवई गांव निवासी संदीप को उनके रिश्तेदार ने चंदौली में शादी कराने के लिए आमंत्रित किया था। मंगलवार को संदीप अपने रिश्तेदारों के साथ कार से चंदौली पहुंचा। यहां पूजा गुप्ता नाम की लड़की को शादी के लिए सैयदराजा बाजार के आसपास सामान की खरीददारी कराई। इसके बाद लोग सदर कोतवाली के कोड़रिया गांव स्थित एक मंदिर पर पहुंचे। यहां दूल्हा और दुल्हन की शादी कराई गई। इसके बाद राजी-खुशी दुल्हन की विदाई कर दी गई। वाहन से लौटने के दौरान जिला मुख्यालय के समीप दुल्हन टॉयलेट का बहाना बनाकर गाड़ी से उतर गई। इसके बाद मौका देख फरार हो गई। काफी देर बाद भी जब दुल्हन नहीं लौटी। इससे आगे बढ़कर देखा तो दुल्हन नदारद थी।
बुधवार को पीड़ित पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचकर लुटेरी दुल्हन गैंग के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि चंदौली के वार्ड नंबर पांच निवासी चिकू और राजू ने शादी को संपन्न कराया था। इसके अलावा सुनीता नाम की एक महिला की भी भूमिका रही है। इस संबंध में सदर कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।