न्यायमूर्ति रजनी दुबे ने किया जिला न्यायालय का वार्षिक निरीक्षण

महासमुंद। जिला व सत्र न्यायालय, महासमुंद के पोर्टफोलियो न्यायाधीश न्यायमूर्ति रजनी दुबे, न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। उक्त वार्षिक निरीक्षण में माननीय न्यायमूर्ति के साथ बी.पी.वर्मा, रजिस्ट्रार (आई एण्ड ई) छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर उपस्थित थे। न्यायमूर्ति की ओर से जिला मुख्यालय महासमुन्द के सभी न्यायालय कक्ष, पंजीयन शाखा, व्हीसी कक्ष, प्राथमिक उपचार केन्द्र, किलकारी कक्ष, कम्पयूटर अनुभाग, रिकॉर्ड कक्ष, मालखाना कक्ष सहित समस्त अनुभागों का क्रमशः निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दस्तावेज का उचित निर्धारण एवं रख रखाव संबंधी संबंधित कर्मचारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति द्वारा न्यायालय परिसर के विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया गया। जिसके पश्चात माननीय न्यायमूर्ति महोदया जिला अधिवक्ता संघ द्वारा आयोजित सम्मान कार्यक्रम में सम्मिलित हुई। न्यायालयों के निरीक्षण कार्यक्रम पश्चात माननीय न्यायमूर्ति महोदया द्वारा सभी न्यायिक अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न लंबित प्रकरणों के यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस संबंध में सभी न्यायिक अधिकारियों को पुराने प्रकरणों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रकरणों के शीघ्रता से निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अलावा माननीय उच्चतम न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय से समय-सीमा निर्धारित प्रकरणों का उच्च प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने निर्देशित किया गया। माननीय न्यायमूर्ति महोदया द्वारा निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसरों के साफ-सफाई पर सराहना व्यक्त किया तथा आगे भी न्यायालय परिसरों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भीष्म प्रसाद पाण्डेय, कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रामजीवन देवांगन, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुन्द चित्रलेखा सोनवानी, सिविल न्यायाधीश अदिति ठाकुर सराफ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दामोदर प्रसाद चंद्रा, सिविल न्यायाधीश राहुल सराफ, कु. योगिता जांगडे, प्रशिक्षु सिविल न्यायाधीश खुशबू जैन एवं प्रशासनिक अधिकारी जे.डी.बारसे सहित समस्त न्यायालयीन कर्मचारी गण उपस्थित थे।