दीपिका कक्कड़ से लेकर श्वेता तिवारी तक, जानें अब क्या कर रही हैं बिग बॉस की फीमेल विनर्स

Bigg Boss 17 का प्रीमियर कल होने जा रहा है। शो के अब तक 16 धमाकेदार सीजन आ चुके हैं और लगभग हर सीजन को ऑडियेन्स से भरपूर प्यार मिला है। बिग बॉस के घर में होने वाली कॉन्ट्रोवर्सीज हों, लड़ाई-झगड़े हों या फिर लव अफेयर्स, इस शो में ऑडियेन्स को इंगेज करने के लिए बहुत कुछ होता है। शो के 8 सीजन्स को अब तक फीमेल सेलेब्स जीत चुकी हैं। श्वेता तिवारी, जूही परमार समेत टीवी इंडस्ट्री की कई जानी-मानी एक्ट्रेस, बिग बॉस की ट्रॉफी उठा चुकी हैं। चलिए आपको बताते हैं कि बिग बॉस के अब तक के सीजन्स की फीमेल विनर्स कहां हैं और क्या कर रही हैं?

Bigg Boss 15 की विनर तेजस्वी प्रकाश
बिग बॉस सीजन 15 की ट्रॉफी को तेजस्वी प्रकाश ने अपने नाम किया था। तेजस्वी जब बिग बॉस के घर में थीं, तब ही उन्हें एकता कपूर की ‘नागिन’ सीरीज का हिस्सा बनने का मौका मिल गया था। बिग बॉस के तुरंत बाद तेजस्वी ‘नागिन-6’ में नजर आईं। इस सीरियल से उन्होंने काफी पॉपुलरिटी बटोरी। तेजस्वी और करण कुंद्रा का रिलेशन भी बिग बॉस के घर में बना और दोनों अपने रिलेशन को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं।
Bigg Boss 14 की विनर रूबीना दिलैक
रूबीना दिलैक, टेलीविजन का जाना-माना चेहरा रही हैं। उन्होंने सीजन-14 का खिताब अपने नाम किया था। रूबीना इन दिनों अपना बेबीमून एज्वॉय कर रही हैं और जल्द ही पेंरेंटहुड में कदम रखने वाली है। बिग बॉस के बाद उन्होंने कुछ रियलिटी शोज और डेली सोप्स में काम किया था।
Bigg Boss 12 की विनर दीपिका कक्कड़
‘ससुराल सिमर का’ की सिमर यानी दीपिका कक्कड़ ने बिग बॉस 12 की ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद वह ‘ससुराल सिमर का-2’ में कुछ वक्त के लिए नजर आई थीं और एक डेली सोप में लीड रोल भी प्ले किया था। हालांकि, अब दीपिका एक्टिंग से दूरी बना चुकी हैं। हाल ही में वह और उनके पति शोएब माता-पिता बने हैं। दोनों यू ट्यूब पर अपने फैमिली से जुड़े ब्लॉग्स शेयर करते रहते हैं। इनके बेटे का नाम ‘रूहान’ है।
Bigg Boss 11 की विनर शिल्पा शिंदे
बिग बॉस 11 के बाद शिल्पा शिंदे, डांस शो ‘झलक दिखला जा’ में भी नजर आई थीं। इसके अलावा, उन्होंने एक कॉमेडी शो भी किया था। हालांकि, बिग बॉस के बाद उनके हाथ कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं लगा है।
Bigg Boss 7 की विनर गौहर खान
गौहर खान बिग बॉस 7 की विनर बनी थीं। हाल ही में उन्होंने मदरहुड में कदम रखा है। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और कुछ प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं।
Bigg Boss 6 की विनर उर्वशी ढोलकिया
उर्वशी ढोलकिया बिग बॉस के बाद कुछ कॉमेडी शोज और डेली सोप में नजर आ चुकी हैं। हाल ही में वह एकता कपूर की नागिन का भी हिस्सा बनी थीं। उर्वशी लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं।
Bigg Boss 5 की विनर जूही परमार
टेलीविजन की कुमकुम यानी जूही परमार हाल ही में वेब सीरीज ‘ये मेरी फैमिली’ में नजर आई थीं। इसमें उनकी परफॉर्मेंस ने फैंस को काफी इम्प्रेस किया था। बिग बॉस के बाद से वह कुछ डेली सोप का हिस्सा रही हैं।
Bigg Boss 4 की विनर श्वेता तिवारी
श्वेता तिवारी ने बिग बॉस के बाद कई बड़े प्रोजेक्ट्स किए हैं। परवरिश, अपराजिता समेत वह कई डेली सोप्स और कुछ रियलिटी शोज का भी हिस्सा बनी हैं। जल्द ही वह रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में भी नजर आने वाली हैं।