चोटियों पर हिमपात और मध्य व मैदानी इलाकों में वर्षा से गिरा तापमान

शिमला। हिमाचल में मौसम बिगड़ गया है और प्रदेश की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से लिपट गई हैं, जबकि राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में खूब वर्षा हुई। शिमला में तो सुबह से दोपहर तक अंधेरा छाया रहा। जानकारी के अनुसार हिमाचल के उच्च पर्वतीय भागों में बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। रोहतांग सहित कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, शिमला, मंडी व सिरमौर जिले की ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरने और मध्य व मैदानी भागों में वर्षा होने से तापमान में गिरावट आ गई है और लोग अब ठंड से ठिठुरने लगे हैं और गर्म वस्त्रों का सहारा लेने को विवश हो गए हंै। केलांग में प्रदेश का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री पहुंच गया है। ऊना में प्रदेश का अधिकतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जबकि राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 13.2, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा है। प्रदेश के एक दर्जन से अधिक शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से मंगलवार को भी प्रदेश में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश में 18 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 19 से मौसम साफ व शुष्क रहेगा।

मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे से लेकर चूड़धार चोटी व हाटू पीक पर खूब हिमपात हुआ है। पर्यटन स्थल मढ़ी में भी इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। अटल टनल में भी सीजन का पहला हिमपात है। रोहतांग दर्रा बर्फबारी के कारण फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। शिमला जिला के नारकंडा में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। हालांकि, नारकंडा के पास हाटू पीक में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ था। सोमवार को नारकंडा में हाईवे तक बर्फबारी हुई है। चंबा जिला में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी के लक्कड़ मंडी में ताजा हिमपात हुआ है। लक्कड़मंडी, जोत, बैरागढ़-किलाड़ वाया साच पास मार्ग समेत पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों में बर्फबारी हुई है। जलोड़ी दर्रा में दो इंच से अधिक बर्फबारी दर्ज की गई है। किन्नौर, रामपुर और आनी क्षेत्र में बारिश की वजह से पूरे क्षेत्र में ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम खराब होने से मनाली-लेह मार्ग पर फिर से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। जिंगजिंबार व बारालाचा में ताजा बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग दारचा से आगे अवरूद्ध हो गया। सोमवार को शिमला में 27, सुंदरनगर में 13, भुंतर में 5, कल्पा में 4, धर्मशाला में 20, ऊना में 8, नाहन में 4.5, सोलन में 21, मनाली में 12, कांगड़ा में 3, मंडी में 8, चंबा में 25, डल्हौजी में 72, कुफरी में 19, नारकंडा में 12.5, रिकांगपिओ में 2.5, सेओबाग में 6.5, धौलाकुंआ में 23.5, बरठी में 24, चौपाल में 23, रोहड़ू में 20.5, अणु (शिमला) में 22, जबकि पिछले 24 घंटों में चुवाड़ी में 36, पच्छाद में 21, खदराला में 10, तीसा में 7, डलहौजी व वांगतू में 6-6, सलूणी व अर्की में 5-5 मिलीमीटर वर्षा हुई है। धर्मशाला में मंगलवार को क्रिकेट का मुकाबला भी होने को है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ेगा, जिससे इसका हल्का असर रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. सुरिंद्र पाल ने कहा कि मंगलवार शाम को हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि 19 अक्तूबर से मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क होगा।