
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में 15 जनवरी से 21 जनवरी तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाना है। अयोध्या में भगवान श्री राम जी के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में निर्माणाधीन श्री वन देवी आश्रम में कथा का आयोजन होगा। ओंकारेश्वर से आई राम कथा प्रवक्ता साध्वी सीता बहन कथा वाचन करेंगी। जिसे लेकर श्री नानाजी की बावड़ी से कलश यात्रा एवं पोथी यात्रा निकाली गई। महिलाएं और बालिकाएं ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए चल रही थी। कलश यात्रा और पोथी यात्रा राजराजेश्वरी मंदिर कृषि मंडी रोड पहुंची। जहां पर कथा शुरू की गई। शहर में निकली शोभायात्रा का जन प्रतिनिधि, आम जन और व्यापारी वर्ग ने स्वागत किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शोभायात्रा में शामिल हुई। राम कथा की पूर्ण आहुति 22 जनवरी को होगी। अंबिका राज राजेश्वरी भक्त मंडल द्वारा अयोध्या राम मंदिर के उपलक्ष में होने वाले आयोजन को लेकर एक सप्ताह से ही तैयारी का दौर जारी है। जिसमें मंदिर को आकर्षक बिजली की साज- सज्जा और फूलों की लड़ियों से सजाया गया है। इस दौरान मंदिर में राम कथा को लेकर आकर्षक पंडाल भी तैयार किया गया। कथा में रोजाना प्रसादी का भी आयोजन भक्त मंडल द्वारा किया जाएगा।