नाबालिग तहेरे भाइयों ने की पोपी सिंह की हत्या

रामपुर/मसवासी। दो दिन पहले हुई किसान की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया, उसकी बहन से मृतक किसान के भतीजे से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर किसान फब्तियां कसता था। उसी से परेशान होकर किसान को पहले मारा। उसके बाद पेट्रोल डालकर जला दिया।

बताते चलें कि शुक्रवार रात को खौदकलां के पास किसान पोपी सिंह का पुआल में अधजला शव मिला था। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। स्वार कोतवाल प्रभारी कोमल सिंह ने गांव में सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटना से संबंधित तलाश व साक्ष्य संकलित किए गए, तो राहुल (काल्पनिक नाम) और विपिन (काल्पनिक नाम) के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने बिना किसी देरी के किशोर अपचारियों से पूछताछ शुरू कर दी।
आरोपियों ने अपने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि मृतक पोपी सिंह के भतीजे अनिल पुत्र वीरेंद्र सिंह के बहन से नाजायज संबंध थे। मृतक उसकी बहन को लेकर कमेंट करता था। जिससे राहुल व विपिन अपने आपको अपमानित महसूस करते थे। रोज-रोज की छीटाकंसी से क्षुब्ध होकर राहुल ने अपने तहेरे भाई विपिन के साथ मिलकर पोपी सिंह की हत्या कर दी। किशोर अपचारियों की निशान देही पर पहने हुए रक्त रंजित कपड़े बरामदग किए। पुलिस ने किशोर अपचारियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया।