
मनाली। मनानी विंटर कार्निवाल में हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों के 250 से अधिक महिला मंडल और सांस्कृतिक दल परेड में शामिल हुए हैं। मंगलवार को सांस्कृतिक दलों ने झांकी माध्यम से सामाजिक संदेश देते हुए संस्कृति और परंपराओं पर आधारित आकर्षक झांकी निकाली। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मनु रंगशाला में दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विंटर कार्निवल में विभिन्न राज्यों के 25 प्रतिभागी समूह भाग ले रहे हैं। उन्होंने महिला मंडलों, विभागों और संस्थाओं द्वारा निकाली गई झांकियों में गहरी रुचि दिखाई और सभी की सराहना की। बता दें कि मंगलवार को जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहले माता हिडिम्बा मंदिर में जाकर माथा टेका। वहीं, मनाली में राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल मनाली का शुभारंभ किया और इस दौरान उन्होंने महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि का बड़ा तोहफा दिया। इससे पहले विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा राहत कोष में 51 लाख रुपए का अंशदान कर उन्होंने अनुकरणीय पहल की है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेसराम आजाद, अध्यक्ष एपीएमसी राम सिंह मियां, उपाध्यक्ष जिला परिषद वीर सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के सचिव व प्रवक्ता राजीव किमटा, नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, कांग्रेस नेताए पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों को प्रदान की जाने वाली प्रोत्साहन राशि को 20 हजार रुपए से बढ़ाकर 25 हजार रुपए करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मनाली में 15 मील के पास नए पुल के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रोहतांग-मनालसू पर्यटन होटल का जीर्णोद्धार किया जाएगा और विद्युत बोर्ड की भूमि पर पार्किंग बनाने की संभावना तलाशने के लिए भी सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने निकट भविष्य में मनाली में स्कीइंग कार्यक्रम आयोजित करने की भी घोषणा की।