19 तक हिमाचल में साफ रहेगा मौसम, अधिकतम तापमान लुढ़का

शिमला। हिमाचल में अभी एक सप्ताह तक मौसम के साफ व शुष्क रहने की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 नवम्बर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है, जिससे सोमवार को ऊना में प्रदेश का अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा, जबकि राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री आंका गया है। प्रदेश का न्यूनतम तापमान केलांग में माइनस 1.1 डिग्री रिकार्ड किया गया है। बीते दिनों प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोग ठंड से ठिठुरने लगे हैं।

राज्य के कई शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे चला हुआ है। इसमें जहां केलांग का तापमान माइनस में है वहीं कल्पा में 2.4, मनाली में 4.2, समधो में 0.7, सेओबाग में 4.6 और रिकांगपिओ में 4.9 डिग्री न्यूनतम तापमान चल रहा है। इसके अलावा राज्य के एक दर्जन से अधिक ऐसे शहर हैं, जहां पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला हुआ है। इसमें शिमला में 8.8, सुंदरनगर में 7.5, भुंतर में 5.4, धर्मशाला में 9.2, ऊना में 8.6, पालमपुर में 8, सोलन में 7.6, मंडी में 8.6, चम्बा में 8.1, डल्हौजी में 9.1, कुफरी में 9, नारकंडा में 6.4, भरमौर में 7.7, मशोबरा में 9.5 और सराहन में 7 डिग्री शामिल है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. सुरिंद्र पाल का कहना है कि उत्तर पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में मौसम शुष्क बना हुआ है और हिमाचल में एक सप्ताह तक सभी क्षेत्रों में मौसम साफ व शुष्क बना रहेगा।