यूटी खादर फरीद को कुलदीप पठानिया ने दी जानकारी

शिमला। हिमाचल के सभी विधायकों को ई-मोबाइल ऐप के जरिए लोगों और अधिकारियों से सीधे संवाद की सुविधा मिल रही है। सरकार, अधिकारियों और जनता में सीधा संवाद होने से कार्य निष्पादन की क्षमता बढ़ी है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि विधायक ई-निर्वाचन क्षेत्र प्रबंधन की सुविधा ले रहे हैं। इससे उनके निर्वाचन क्षेत्र में हो रही विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी सीधी मिल पाती है और जरूरी दिशानिर्देश भी तुरंत ही दिए जा सकते हैं। कुलदीप पठानिया ई-विधानसभा का भ्रमण करने पहुंचे कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर फरीद को तकनीकी जानकारी दे रहे थे। उन्होंने इस मौके पर विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन संचालन और एक कैलेंडर वर्ष में विधानसभा की बैठकों की जानकारी मुहैया करवाई और सदस्यों को दी जाने वाली सुविधाओं से भी अवगत करवाया।

कर्नाटक विधान सभा के अध्यक्ष यूटी खादर फरीद देश की सर्वप्रथम ई-विधान प्रणाली जानने विधानसभा सचिवालय पहुंचे थे। उनके साथ कर्नाटक विधान परिषद की सचिव केआर महालक्षमी, कर्नाटक विधानसभा की सचिव एमके विलाक्षी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी ई-विधान प्रणाली का विस्तृत अध्ययन करने आए हैं। बैठक के दौरान कुलदीप पठानिया ने उन्हें ई-विधान प्रणाली की जानकारी दी और इससे होने वाले फायदों से अवगत करवाया। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर फरीद ने कहा कि हिमाचल एक सुंदर राज्य है और यहां के लोग भी भोले भाले हैं। उन्होंने पठानिया को सदन के रखरखाव और ई-विधान प्रणाली की सफलता के लिए बधाई दी और इसे कर्नाटक विधानसभा में स्थापित करने के लिए भी सहयोग मांगा। इस अवसर पर पठानिया ने सभी को हिमाचली टोपी, शॉल, स्टॉल और मफलर पहनाकर सम्मानित किया।