
उदयपुर: जिला प्रशासन ने दीपावली पर्व पर टूरिस्ट सिटी उदयपुर के विभिन्न-तिराहों- चौराहों को बहुरंगी रोशनी से सजा दिया है। कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने बताया कि उदयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने दो माह पूर्व ही इसकी तैयारियां शुरू करते हुए समय पर टेंडर आदि की प्रक्रिया कर ली और अब सजावट का काम किया जा रहा है।

दीपावली सजावट पर प्रति वर्ष 15 से 20 लाख रुपए ही खर्च करते थे, लेकिन इस बार 2 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया है। आमतौर पर प्रति वर्ष दीपावली पर नगर निकाय चिह्नित स्थलों पर विद्युत सजावट करता आया है। शहर के कई महत्वपूर्ण स्थल दीपावली पर अंधेरे में खोए रहते थे। इस बार उन सभी स्थलों को भी आकर्षक ढंग से सजाकर तैयार किया जा रहा है। शहर में 15 से 20 किलोमीटर तक लाइटिंग की जानी है। कलेक्टर ने कहा कि त्योहार के अवसर पर फतहसागर की पाल पर शहरवासियों और पर्यटकों की खासी भीड़ रहती है।