
भोपाल: मध्य प्रदेश से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 50 साल की महिला के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया और फिर बेरहमी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्यारों ने महिला की लाश को पत्थरों से ढका और उसे नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि भोपाल के नजीराबाद इलाके की रहने वाली महिला गुना जिले के सुठालिया इलाके में उधार दिए पैसों का वसूली करने गई थी।

‘टीओआई’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को बड़कुल्ला गांव के रहने वाले राजन अहिरवार ने एक नाले के पास अज्ञात महिला का शव देखा। महिला का शव पत्थरों और घास के नीचे दबा हुआ था। शव बुरी तरह से सड़ गया था पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा कि महिला के दोनों पैरों की चमड़ी अलग हो गई थी। शरीर से हड्डियां बाहर आ गई थीं। लाश में कीड़े पड़ गए थे। महिला के पैरों में पायल थी जिसे पुलिस ने सुरक्षित रख लिया। आसपास के थानों में इस शव की जानकारी दी गई। जब इस अज्ञात शव के बारे में पीड़िता की बेटी को पता चला तब वो उसकी पहचान करने आई। पीड़िता की बेटी ने बताया कि उनकी मां बकाया पैसे लेने निकलीं थीं लेकिन कभी भी लौट कर वापस नहीं आईं।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। तेली गांव के रहने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान हरिनारायण (45), रामभरोसा (29) और महेंद्र (20) के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता चला कि हरिनारायण पीड़िता को पहले से ही जानता था। वो उस महिला के साथ तेली गांव तक आया। वहां पहुंचकर उसने रामभरोसे और महेंद्र के साथ मिलकर महिला का गैंगरेप किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद महिला की लाश को आरोपियों ने पत्थरों और घास से छिपाकर नाले में फेंक दिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।