
नई दिल्ली: दिल्ली में एक एक 35 साल की महिला अपने बेटे के साथ मेट्रो में यात्रा कर रही थी। ट्रेन बदलने के दौरान अचानक महिला की साड़ी मेट्रो गेट में फंस गई। महिला साड़ी को बाहर खिंचती उससे पहले ही मेट्रो चल दी। महिला प्लेटफॉर्म पर दूर तक घिसटती रही। वो एक जाली से टकराकर पटरी पर गिर गई। यह इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन की घटना है। महिला का 10 साल का बेटा यह खौफनाक मंजर देख रहा था। उसने अब रुला देने वाली कहनी सुनाई है।

दरअसल, गुरुवार को रीना नाम की महिला अपने बेटे के साथ मायके जा रही थी। वो नागलोई में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। उसके पति की मृत्यु हो गई है। ‘आजतक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पहुचंने के बाद महिला ट्रेन बदलने के लिए दूसरे मेट्रो में चढ़ने लगी। तभी उसकी साड़ी दरवाजे से फंस गई। बंद दरवाजा नहीं खुला और ट्रेन चल पड़ी। प्लेटफॉर्म पर महिला को घिसटता देख सभी यात्री चिल्लाने लगे। महिला के दस साल के बेटे ने बताया कि वो मम्मी के साथ मेरठ जा रहा था। उसने बताया कि साड़ी फंसने के बाद मां घिसटने लगी, मैं उसे बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन न तो ट्रेन रुकी और न ही दरवाजा खुला।
महिला के बेटे ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर एक जाली से टकराकर मां पटरी पर गिर गई। मैं फिर उन्हें बचाने के लिए पटरी पर कूद गया। तभी मेट्रो के कर्माचारी वहां पहुंचे और आनन-फानन में मां को अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि महिला को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। वो कोमा में थी। तीन दिन तक महिला जिंदगी और मौत से जंग लड़ती रही। शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। महिला के दो बच्चे हैं। बेटी की उम्र 13 और बेटे की 10 साल है। हादसे के समय महिला के साथ उसका बेटा था।