
आगरा: यूपी के आगरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद गर्लफ्रैंड ने उसे झूठे आरोपों में फंसाने के लिए साजिश रच डाली। पहले तो उसने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिस जांच में मामला झूठा निकला और युवक बच निकला। इसके वह अपनी शादी की तैयारी मे लग गया। लेकिन जब इस बात की भनक प्रेमिका को लगी तो इस बार उसने अपनी सहेली को ही मोहरा बनाया। युवती ने बहाने से बाजार ले जाकर सहेली पर तेजाब डाल दिया और फिर प्रेमी का नाम लेकर फंसाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया। अब युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है और साथ ही तेजाब उपलब्ध कराने वाले लड़के को भी पुलिस ने दबोच लिया है।

ये मामला आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के ठेरई गांव का है। 14 दिसंबर को राधा और उसकी सहेली शाम को घर से निकली थीं। राधा ने सहेली को बताया था कि उसे फोटोस्टेट करानी है। वह पास की दुकान पर जा रही है। इस बीच रास्ते में राधा की सहेली पर पीछे से तेजाब डाल दिया गया। तेजाब से उसकी पीठ झुलस गई। राधा ने बताया था कि एक युवक आया। सहेली पर तेजाब डालकर भाग गया। मामले में पुलिस ने तेजाब से झुलसाने की धारा में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया। जिस स्थान पर घटना हुई थी, वहां पर कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं था। इस पर तेजाब फेंकने के तरीके के बारे में गहनता से जांच की गई। इस दौरान पता चला कि पीड़ित युवती की पीठ पर ही तेजाब डाला गया था, जबकि दूर से अगर कोई तेजाब फेंकेगा तो छींटे आसपास भी गिरते। साथ में खड़ी राधा भी झुलस जाती। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। शक होने पर पुलिस ने राधा से पूछताछ की। पता चला कि उसने पूर्व में अपने प्रेमी के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की। पुलिस पड़ताल में सच सामने आ गया। पुलिस ने पहले राधा को हिरासत में लिया। इसके बाद डेयरी पर काम करने वाले लक्ष्मीकांत उर्फ भोला पकड़ा गया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी राधा ने बताया कि एक युवक से उसकी दोस्ती थी। वह उससे शादी करना चाहती थी। लेकिन वह शादी करने के लिए राजी नहीं हुआ। इस कारण उससे बदला लेना चाहती थी। पहले उसने युवक के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। लेकिन, उसका झूठ पकड़ा गया और पुलिस पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकी। अब युवक शादी करने जा रहा था। उसने अपनी सहेली के जरिये प्रेमी को जेल भिजवाने और शादी रुकवाने की सोची। इसके लिए डेयरी के कर्मचारी से तेजाब खरीदकर लाई। उसे एक डिब्बी में अपनी जेब में रख लिया। सहेली को बहाने से अपने साथ ले गई और अंधेरे में डिब्बी खोलकर सहेली की पीठ पर तेजाब डाल दिया।
दूसरी ओर आरोपी लक्ष्मीकांत उर्फ भोला ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि राधा दुकान पर आती थी। वह सामान खरीदकर ले जाती थी। एक दिन उससे बोली कि उसे तेजाब की जरूरत है। वह अपना मसा जलाना चाहती है। राधा बार-बार तेजाब की कहने लगी। वह ज्यादा तेजाब की मांग कर रही थी। इस पर उसे शक हो गया। उसने राधा से सच बताने के लिए कहा। इस पर बोली कि उसे प्रेमी ने धोखा दिया है। उसे सबक सिखाना चाहती है इसलिए तेजाब चाहिए।