नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष भारत 2047 तक विकसित देश बन जायेगा: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा
गरीबों, वंचितों एवं पीड़ितों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान करने का प्रयास किया जायेगा।

लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बन जायेगा। बताया कि देशभर में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरूआत 15 नवम्बर, 2023 से की गयी और यह 26 जनवरी, 2024 तक देश के कोने-कोने में करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी तथा देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, संस्कृति एवं शहीदों के प्रति श्रद्धाभाव के साथ आपसी भाईचारा का संचार करेगी। साथ ही गरीबों, वंचितों एवं पीड़ितों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान करने का प्रयास किया जायेगा।

मोदी जी की नीतियों से देश व प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल रही है। साथ ही गरीबों, वंचितों के जीवन में बदलाव भी आ रहा है। मंत्री गुरुवार को लखनऊ के रामलीला मैदान मड़ियांव, जानकीपुरम प्रथम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी जी अखण्ड भारत की परिकल्पना को साकार कर रहे और उनके नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बन रहा है। पूर्वांचल के राज्यों में विदेशी घुसपैठ से समस्या थी जिसका समाधान हुआ।
कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में भी देश में दवाईयों, वैक्सीन किट, मास्क आदि को बनाकर आत्मनिर्भर बना। यहॉ तक कि अपने देश की बनी कोरोना की दवा को अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी ली थी। कभी सैनिकों के साजो सामान, यूनिफार्म, जूते, चश्मा, टार्च आदि विदेशों से आता था आज देश में ही बनाया जा रहा है। कहा कि लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी न होने से पात्र लोग इसका लाभ नहीं ले पाते। ऐसे लोगों को जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने के लिए ही मोदी जी के संकल्प से ही विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की गयी है। जिसमें घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और पात्रों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, आवास आदि से लाभान्वित भी किया जा रहा है।