दिल्ली-नोएडा जाने वालों की राह होगी आसान, 2 लेन चौड़े अंडरपास का काम पूरा
अगले हफ्ते शुरू होगा भैरो मार्ग पर बना अंडरपास

नई दिल्ली: मध्य दिल्ली से पूर्वी दिल्ली-नोएडा जाने वालों की राह आसान होने वाली है। भैरो मार्ग पर 2 लेन चौड़े अंडरपास का काम पूरा हो गया है और अगले हफ्ते से इसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। इससे मथुरा रोड की तरफ से रिंग रोड पर जाने वालों को अतिरिक्त दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी और जाम में फंसकर समय बर्बाद नहीं होगा। इसके चालू होने पर इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के समीप यू-टर्न बंद कर दिया जाएगा,जिससे इस हिस्से पर जाम नहीं लगेगा। लोक निर्माण विभाग ( पीडब्ल्यूडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नोएडा की तरफ से दिल्ली और मध्य दिल्ली से नोएडा की ओर जाने के लिए भैरो मार्ग पर 5 लेन चौड़ा करीब 500 मीटर लंबा अंडरपास रेलवे ट्रैक के नीचे बनाया जा रहा है। 3 लेन चौड़ा अंडरपास मध्य दिल्ली से नोएडा और 2 लेन चौड़ा अंडरपास नोएडा की ओर से दिल्ली आने वालों के लिए है। लेकिन 3 लेन चौड़ा अंडरपास तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में तैयार हो चुके 2 लेन चौड़े अंडरपास को खोलकर मथुरा रोड की ओर से यमुनापार-नोएडा जाने के लिए ट्रैफिक संचालन होगा। 3 लेन चौड़े अंडरपास के निर्माण काम को किस तरह पूरा किया जाए, इसके लिए पीडब्ल्यूडी आईआईटी दिल्ली व मुंबई के विशेषज्ञों की मदद ले रहा है। 2 लेन वाले हिस्से के चालू हो जाने से भैरो मार्ग से रिंग रोड पर जाने पर मथुरा रोड से आकर भैरो मार्ग होते हुए सीधे रिंग राेड पर जा सकेंगे। इससे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। अभी भैरो मार्ग से आकर पहले रिंग रोड पर एक किलोमीटर से अधिक आईटीओ की ओर जाना होता है। पेट्रोप पंप पार करन के बाद यू-टर्न से वापस आना होता है। ऐसे में लोगों को करीब 2 किलाेमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है, जाम में भी फंसना पड़ रहा है। क्योंकि रिंग रोड पर भैरो मार्ग से आकर रिंग रोड पर पेट्रोल पंप पर जाम लगा रहता है। यू-टर्न वाले इस प्वाइंट पर अधिक जाम लग रहा है। इसके कारण प्रगति मैदान के पीछे इस भाग में वाहनोें का दबाव एकाएक बहुत बढ़ गया है। प्रगति मैदान सुरंग सड़क पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इस सबसे लोगों को निजात मिलेगी।
कब-कब बढ़ी डेडलाइन
लाेक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के तहत जून 2022 में इसको शुरू किया जाना था। मगर काम पूरा न हाे पाने के कारण सितम्बर 2022 की डेडलाइन बढ़ाई गई। इसके बाद 2022 में अक्तूबर, नवंबर, दिसम्बर, फरवरी व फिर मार्च इसकी डेडलाइन बढ़ाई गई। इसके बाद 2023 में 30 जून फिर 31 जुलाई और इसके बाद 31 दिसम्बर तक काम पूरा हाेने की उम्मीद जताई गई। मगर अब जाकर जनवरी 2024 में 2 लेन चौड़े अंडरपास का काम पूरा हो पाया है। लेकिन 3 लेन चौड़े अंडरपास का काम अभी भी अधूरा है।