
यूपी। यूपी में रविवार से घने कोहरे की संभावना जताई जा रही है। इसी के साथ तापमान में भी गिरावट की संभावना है। इस बीच स्कूलों में 31 दिसम्बर से शीतावकाश शुरू हो रहे हैं। परिषदीय स्कूलों में 30 दिसम्बर को बढ़ाकर 31 दिसम्बर से 14 जनवरी 2024 तक छुट्टी रहेगी। वैसे आईसीएसई बोर्ड के कई निजी स्कूलों में क्रिसमस के मद्देनज़र अभी से छुट्टियां हो गई हैं।

स्कूल शिक्षा महानिदेशालय की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक 31 दिसम्बर से 14 जनवरी तक शीतावकाश रहेगा। इसके अलावा शीतकाल में सक्षम प्राधिकारी मौसम को देखते हुए विद्यालय संचालन के समय में बदलाव कर सकेंगे। बता दें कि प्रदेश के स्कूलों में एक अक्टूबर से 31 मार्च के लिए समय सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक होता है।
लखनऊ में शुक्रवार दिन में हल्की ठण्ड रही। दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने दिन का तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह का जो पूर्वानुमान लगाया उसके मुताबिक अगले तीन दिन रात के तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। रात का तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं दिन का तापमान भी बढ़ेगा। यही 23 से 24 सेल्सियस के बीच रहेगी। तीन दिन बाद रात के तापमान में गिरावट आएगी।