
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे 54 किलो चूरापोस्त बरामद किया है। आरोपी की पहचान बलदेव सिंह निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल के सहायक उपनिरीक्षक कर्मबीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी बलदेव सिंह ट्रक में पंजाब से माल लोड करके बिहार व झारखंड जाता है। वापसी में आते समय झारखंड से भारी मात्रा में डोडा/चूरापोस्त लाकर हरियाणा व पंजाब में बेचने का काम करता है।

शुक्रवार को भी बलदेव सिंह ट्रक में डोडा/चूरापोस्त लेकर आ रहा था। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-44 पर पर नाकाबंदी करके उसे रूकवा लिया। मौके पर राजपत्रित अधिकारी प्रदीप कुमार उपपुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र को बुलाया गया। इसके बाद ड्राइवर की चेकिंग लेने पर चूरापोस्त मिला। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में नशीला वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।