
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गनौरी में मंगलवार की रात पति ने बीवी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद बंद कमरे में रातभर उसके शव के पास ही सोया रहा। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। दूसरी ओर मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पर दहेज हत्या का केस कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गनौरी निवासी मुन्नीलाल के तीन बेटों में सबसे छोटे अनिल की शादी तीन साल पहले खलीलाबाद कोतवाली के महदेवा गांव की प्रियंका से हुई थी। दंपति को कोई बच्चे नहीं थे। अनिल सोनीपत कमाने चला गया था। अन्य परिजनों के साथ प्रियंका घर पर रहती थी। मंगलवार को अनिल कमाकर घर लौटा। वह प्रियंका को सोनीपत ले जाना चाहती था लेकिन प्रियंका तैयार नहीं थी। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। देर रात तक जब वह दोनों खाना खाने के लिए बाहर नहीं आए तो अनिल के पिता ने आवाज दी। फिर दरवाजा खुलवाने गए तो बेटे ने डांटकर भगा दिया। लेकिन बहू की कोई आवाज नहीं आई।
किसी अनहोनी की आशंका में पिता ने आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन बेटे ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने पुलिस को सूचना दी। एसओ विशाल उपाध्याय टीम के साथ पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो बिस्तर पर प्रियंका का शव पड़ा था, जबकि अनिल पास में ही आराम से सोता हुआ मिला। उसकी पत्नी के गले और चेहरे पर घाव के निशान थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि मृतका की मां आरती देवी की तहरीर पर आरोपी अनिल पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
बेटी प्रियंका की मौत की सूचना पर उसके मायके महदेवा खलीलाबाद से उसकी मां और करीब 50 लोग गनौरी गांव पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। प्रियंका की मां ने दहेज की मांग को लेकर बेटी की हत्या करने का आरोप दामाद पर लगाया। सीओ खजनी ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।