
कल्याणी (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में अपने साथी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में 20 वर्षीय एक महिला को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला पिछले चार साल से 44 वर्षीय व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी, जो शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। पुलिस ने कहा कि वह उसके साथ सब कुछ खत्म करना चाहती थी, लेकिन झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला वह व्यक्ति अलग नहीं होना चाहता था।
शनिवार को वह व्यक्ति मदनपुर रेलवे स्टेशन के पास गांगुली पारा में उससे मिलने आया। उन्होंने बताया कि जैसे ही दोनों के बीच झगड़ा बढ़ा, महिला ने कथित तौर पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और अपनी मोटरसाइकिल पर मौके से भाग गई।
चकदाहा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, ”रोतारी गांव के जात्रापुर की रहने वाली महिला ने अपराध करना कबूल कर लिया है।” उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अकेली थी। उन्होंने बताया कि गांगुली पारा में सड़क किनारे व्यक्ति का शव मिलने के बाद जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान, यह पाया गया कि उस व्यक्ति को इलाके के स्थानीय लोगों ने महिला से बात करते हुए देखा था। उन्होंने बताया कि इस सुराग के बाद महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने कहा कि उस व्यक्ति के परिवार, जो जमशेदपुर के कबीर नगर इलाके में रहते हैं, को पहले ही सूचित कर दिया गया है। जब महिला को अदालत में पेश किया गया, तो उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।