चाची की अर्थी बनाते भतीजे को आया हार्ट अटैक, मचा कोहराम

कोटा। मौत कब कहां किसे अपने पंजे में जकड़ ले कहा नहीं जा सकता। अब विजय को क्या पता था कि अपनी चाची की अर्थी को सजाते उसकी भी मौत हो जाएगी और दूसरों को उसकी अर्थी सजानी पड़ जाएगी। शहर में नयापुरा सब्जीमंडी क्षेत्र में ऐसा ही हुआ। अपनी चाची की मौत का सदमा भतीजे को ऐसा लगा कि अर्थी सजाते समय उसकी भी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार विजय की मौत दिल का दौरा पडऩे से हुई। मृतक खाई रोड नयापुरा निवासी विजय प्रकाश शर्मा (42) के चचेरे भाई शोभित शर्मा ने बताया कि विजय की चाची वीणा शर्मा (50) नयापुरा सब्जीमंडी स्थित जानकीनाथ मंदिर के सामने रहती है। वीणा 4-5 साल से न्यूरों की बीमारी से ग्रसित थी। 22 जनवरी को सुबह उनका निधन हो गया। घर में उनके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।

मेरे साथ विजय अर्थी तैयार करने में लग गया। इसी दौरान विजय को अचानक घबराहट होने लगी। शोभित ने बताया कि विजय को घबराहट होने पर बाइक से उसे अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुआ तो कुछ दूरी पर जाते ही वह बाइक पर लुढक़ गया। इससे हम दोनों बाइक सहित नीचे गिर गए। देखा तो विजय की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि विजय को अटैक आया था। एक साथ दो मौत होने पर परिवार में कोहराम मच गया। शोभित ने बताया कि एक साथ दो मौत होने पर कुछ परिजनों के इंतजार में सबसे पहले वीना का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के आने के बाद विजय का अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने बताया कि एक ही घर में दो बार अर्थियां उठी। उन्होंने बताया कि विजय अविवाहित था और नयापुरा में चाय की दुकान चलाता था।