
झज्जर। झज्जर के खानपुर कलां गांव में मुर्रा नस्ल की भैंस 4.60 लाख रुपए में बिकी है। पशुपालक ने भैंस को नोटों की माला पहनाकर विदाई दी। भैंस की खास बात यह है कि वह 26 किलो दूध देती है। गांव के लोगों को भैंस के बारे में पता चला तो वह उसे देखने के लिए पहुंच गए।

गांव खानपुर कलां के रहने वाले रणवीर श्योराण ने बताया उसने गांव के ही विकास से भैंस को करीब 78 हजार रुपए में खरीदा था। उसने भैंस की डाइट और अन्य चीजों को अच्छे से ध्यान रखा। वह चौथे ब्यात की है जिसकी उम्र करीब 6 साल है। अब भैंस खानपुर कलां के ही रहने वाले मालविंद्र ने 4.60 लाख में खरीदी है। रणवीर का दावा है कि इस क्षेत्र में यह भैंस सबसे महंगी बिकी है।
जिला पार्षद शिवकुमार खोरडा ने बताया कि क्षेत्र में पहले मुर्रा नस्ल की भैंसें नहीं होती थी, लेकिन अब कुछ समय से क्षेत्र में मुर्रा नस्ल की भैंस देखने को मिल रही है। ज्यादातर किसान और महिलाएं अपने रोजगार के रूप में भैंस और गाय पाल रहे हैं। इन्हें देखते हुए लोगों में पशुपालन के प्रति रूझान बढ़ रहा है। आज इतनी महंगी भैंस बिकना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।