
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर है। बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दी है। भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद अजय निषाद के बहनोई के घर पर बम फेंका गया है। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना के पंखाटोली मोहल्ले की है। हालांकि किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन अपराधियों की करतूत से पुलिस और आम लोग सभी हैरत में हैं। काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम बदमाशों ने अजय निषाद की बड़ी बहन डॉक्टर मंजू साहनी के पंखा टोली स्थित घर के गेट पर बाइक सवार अपराधी में बम फेंका। मोहल्ला में ही अधिवक्ता राम संजीवन सिंह की गली में भी बम फेंका गया है। सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे की घटना है। मंगलवार की सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। तत्काल पुलिस पंखाटोली स्थित घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सुतली बम के अवशेष जब्त किए हैं। पुलिस पता लगा रही है कि इस घटना के क्या कारण हो सकते हैं।
सांसद के बहनोई ई. सिया लाल सहनी ने बताया कि वह घटना के वक्त अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान पत्नी ने गेट पर बम फेंके जाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो मोहल्ला के लोगों की भीड़ जुटी थी। बम विस्फोट की आवाज पर लोग जुटे हुए थे। पता चला कि बाइक सवार एक युवक अपना चेहरा बांधे हुए था। बाइक सवार ने गेट के पास बम फेंका जो बगल में नाली पर फटा तेज आवाज हुई। नाले का कीचर गली में दीवार पर फैल गया। बाइक सवार यहां से आगे बढने के बाद अधिवक्ता राम संजीवन सिंह के मकान के पास भी बम फेंकते हुए आमगोला रोड में निकल गया।
सांसद अजय निषाद का निवास स्थान सदर थाना के कच्ची पक्की में है जबकि उनकी बड़ी बहन काजी मोहम्मदपुर थाना इलाके के पंखाटोली में रहती हैं। उन्होंने बताया कि किसी से उनकी दुश्मनी नहीं है। शाम को पूजा कर रही थी तभी बाहर जोरदार धमाका हुआ। बाहर निकले तो कीचड़ और धुआं फैला था। किसने यह बम फेंका उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
छानबीन के लिए पहुंचे काजी मोहम्मदपुर थानेदार मनोज साह को बताया है कि मोहल्ला से अलग जमीन का एक पुराना विवाद था। हाल में नल योजना की गड़बड़ी को लेकर एक ठेकेदार का विरोध किया था। लेकिन बम किसने फेंका यह कहा नहीं जा सकता है। थानेदार ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। बाइक सवार को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है। सांसद के बहनोई से पूछताछ कर विवादों के संबंध में जानकारी ली जा रही है। एफएसएल की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। मौके से बम का बारूद लगा सुतली जब्त हुए हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि जब वीआईपी लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आमजनों को कौन बचाएगा। लोगों ने पुलिस से मांग किया है कि जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़ा जाए और उसे सजा दिलाई जाए ताकि लोग अपने घरों में सेफ महसूस कर सकें। घटना स्थल पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग की जा रही है।