
जाहू। हमीरपुर जिला के भोरंज उपमंडल की बडैहर पंचायत के सीर खड्ड के किनारे शिकारी की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलवीर सिंह (55) पुत्र मरचू राम निवासी बडैहर तहसील भोरंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिकारियों ने मंगलवार दोपहर बाद शिकार करने के लिए क्षेत्र में घेरा डाला हुआ था। इस क्षेत्र में जंगली सूअर काफी तादाद में रहते हैं, ऐसे में जंगली सूअर को मारने के लिए शिकारी ने गोली चलाई।

इसकी चपेट में बलवीर सिंह आ गया। शिकारी की गोली बलवीर के शरीर को आर-पार कर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शिकारी कौन थे या मृतक भी उनके साथ था, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजैब सिंह मौके पर पहुंच गए थे तथा शव को कब्जे में लेकर मेडिकल काॅलेज हमीरपुर भेज दिया है। चौकी प्रभारी के अनुसार व्यक्ति की मौत गोली लगने के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया है। गोली किसने चलाई है, अभी इसके बारे में जांच की जा रही है।