पाकिस्तान ने 80 भारतीय मछुआरों को किया रिहा

अहमदाबाद। पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को गुजरात के विभिन्न हिस्सों के 80 मछुआरों को जेल से रिहा कर दिया, जिसके बाद गुजरात सरकार की एक टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पहुंची। यह जानकारी अहमदाबाद में अधिकारियों ने दी। अवैध विदेशी प्रवासियों और नागरिकों को देश से बाहर निकालने के लिए पाकिस्तानी सरकार के चल रहे अभियान के तहत भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया था।

#WATCH अमृतसर, पंजाब: पाकिस्तान द्वारा रिहा किए गए 80 भारतीय मछुआरे आज अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत पहुंचे। pic.twitter.com/tK0yVV7lER
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 10, 2023
कराची में जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय मछुआरों को भारी सुरक्षा के बीच अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना किया गया है और वे कल लाहौर पहुंचेंगे जहां से उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा. ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल ईधी ने कहा कि ज्यादातर भारतीय मछुआरे गरीब पृष्ठभूमि से हैं और वे घर लौटने को लेकर बहुत खुश हैं. ईधी वेलफेयर ट्रस्ट ने ही भारतीय मछुआरों की लाहौर तक जाने की व्यवस्था की है. उन्होंने कहा, ‘वे खुश हैं कि वे जल्द ही अपने परिवारों में मिलेंगे. हमने उन्हें घर ले जाने के लिए कुछ नकद और अन्य उपहार दिए हैं.’
पाकिस्तान और भारत नियमित रूप से समुद्री सीमा का उल्लंघन करने पर एक-दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं. अहमदाबाद में गुजरात मत्स्य पालन आयुक्त नितिन सांगवान ने बताया कि मछुआरों को शुक्रवार दोपहर अटारी-वाघा सीमा पर राज्य मत्स्य पालन विभाग की टीम को सौंप दिया जाएगा. सांगवान ने बताया, ‘वे गुजरात के विभिन्न हिस्सों से हैं. हम उन्हें ट्रेन से राज्य लाएंगे.’ गैर सरकारी संगठन ‘इंडिया पाकिस्तान पीपुल्स फॉरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी’ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जीवन जुंगी ने बताया, “ इन 80 मछुआरों को पाकिस्तानी अधिकारियों ने उसके देश के जल क्षेत्र में मछली पकड़ने का आरोप लगाकर लगभग तीन साल पहले पकड़ लिया था. वे 2020 में नियमित अंतराल पर गुजरात तट से रवाना हुए थे. हमारे रिकॉर्ड के अनुसार, 173 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं.”