
फरीदाबाद। हरियाणा में फरीदाबाद के पुलिस थाने में प्रेमी जोड़े ने जहर निगल लिया। जिस वक्त यह घटना हुई, पुलिस उन्हें सारन थाने ले जाकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस के सामने ही पहले प्रेमिका ने जहर निगला और फिर प्रेमी को भी पकड़ा दिया। यह देख पुलिस वालों में हड़कंप मच गया। वह आनन-फानन में दोनों को सिविल अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। सारन थाने के SHO ने संग्राम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली कि पुलिस थाने से कुछ दूरी पर एक लड़का-लड़की ऑटो में नींद की हालत में बैठे हैं।

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसएचओ ने बताया कि दोनों की यह हालत देख पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने में ले आई। जहां पर पता चला कि ये दोनों घर से भागे हुए हैं। इस मामले में पुलिस थाने में केस भी दर्ज हो रखा है। जिसके बाद पुलिस ने उनसे गहराई से पूछताछ शुरू कर दी। एसएचओ ने बताया कि पुलिस अभी पूछताछ ही कर रही थी कि लड़की ने जेब से जहरीली वस्तु निगल ली। पहले उसने खुद उसे निगला और फिर साथ के लड़के को भी दे दिया। यह देखकर पुलिस ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां इन्हें शुरूआती इलाज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसकी उम्र 17 साल है और 11वीं में पढ़ती है। उसका प्रेमी शिवम फरीदाबाद के सारन इलाके में रहता है। उसकी उम्र 21 साल है। वह दोनों ही हिंदू हैं लेकिन उनकी जाति अलग-अलग है। इसी वजह से परिवार वाले शादी नहीं करने दे रहे। नाबालिग प्रेमिका ने बताया कि परिवार के शादी न करने देने की वजह से वह घर छोड़कर भाग गए। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने पूछताछ के लिए उन्हें थाने बुलाया था। उन्हें लगा कि पुलिस उन्हें अलग कर देगी। वह अलग नहीं रहना चाहते, इसी वजह से उन्होंने थाने में ही जहर निगल लिया।