
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार ओकओवर, शिमला से इन्नरव्हील क्लब की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर इन्नरव्हील डिस्ट्रिक्ट 308 द्वारा आयोजित कार रैली को झंडी दिखा कर रवाना किया। यह रैली दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर के समारोह में संपन्न होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्नरव्हील क्लब सामाजिक सरोकार से जुड़े अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहा है। उन्होंने इस संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था 100 वर्षों से समाज के जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्त्वपूर्ण है। महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा एवं रितेश कपरेट, इन्नरव्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन सीमा कपूर, पदाधिकारी नेहा शर्मा और अन्य गणमान्य चहरे उपस्थित थे।