
पाली। 25 साल की रेखा उर्फ परमेश्वरी की हत्या के मामले में पाली पुलिस ने पति अशोक पटेल (30) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस उसे रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करेगी और घटना स्थल पर मौका तस्दीक करवाएंगी। पुलिस के सामने आरोपी ने पत्नी को जलाने की बात स्वीकार की। रिमांड के दौरान पुलिस पूछताछ करेगी। सवाल है- पत्नी को इतनी बेरहमी से क्यों मार डाला। यहां एक कार में महिला की जली हुई बॉडी मिली। कार से कूदे पति अशोक पटेल ने बताया कि चलती कार में आग लग गई। लोग आए, पुलिस आई। हालात देख कई सवाल पैदा हुए। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुला लिया। बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती अशोक को शाम तक शक के आधार पर हिरासत में ले लिया गया। दो दिन की पूछताछ के बाद कई बातें सामने आई हैं। हालांकि पाली की जैतपुरा पुलिस ने खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार अशोक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

सवाल यही कि अशोक ने पत्नी रेखा को इतनी बेरहमी से क्यों मार दिया। वजह क्या थी। जवाब में उसने कई बातें कही हैं। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपी अशोक पटेल ने कई बातें कही हैं। बताया जा रहा है कि अशोक और रेखा में कम बनती थी। पाली के चारभुजा नगर में मकान रेखा के नाम पर था। यह रेखा को उसके पिता ने बनवाकर 4 साल पहले दिया था। रेखा अशोक से संबंध तोड़ने और घर से निकालने की बात कहती थी। इससे गुस्साए अशोक ने रेखा को ठिकाने लगाने की साजिश रचना शुरू कर दिया। अशोक की पाली के पुनायता औद्योगिक एरिया में अशोक की चाय की थड़ी थी। रेखा भी पति की हेल्प करने के लिए दुकान पर आने लगी। थड़ी पर आस-पास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूर आते थे। रेखा चाय बनाती थी और आरोपी फैक्ट्रियों में चाय देने जाता था। थड़ी पर चाय पीने वालों की भीड़ देख अशोक के मन में पत्नी रेखा के चरित्र पर शक होता था। उसे हमेशा यह शक सताता था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अफेयर चल रहा है। इसके चलते भी वह रेखा से खफा रहने लगा।
अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया था। इसके बाद अशोक ने उसे कार में जला दिया होगा। सूत्रों की मानें तो आरोपी पिछले कई दिनों से रेखा की हत्या करने की साजिश रच रहा था। वह हत्या को हादसे का रूप देना चाहता था। बताया जा रहा है कि रेखा को मस्से की बीमारी थी। इससे वह कई दिनों से परेशान थी। 18 जनवरी को जब रेखा स्कूटी से पुनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित चाय की थड़ी पर पहुंची तो आरोपी अशोक पटेल ने दवा के नाम पर उसे विषैला पदार्थ मिला कुछ खिलाया। इससे वह बेहोश होने लगी। हॉस्पिटल ले जाने की बात कहते हुए अशोक ने रेखा को कार में पिछली सीट पर लिटाया और चेंडा गांव की तरफ ले गया। बीच रास्ते रेखा की मौत हो गई। आरोपी ने उसे चेंडा गांव के पास ले जाकर जला दिया। सूत्रों की मानें तो रेखा को जलाने के लिए उसे एक फैक्ट्री से तेज ज्वलनशील केमिकल का इस्तेमाल किया। अब रिमांड के दौरान साफ होगा कि आरोपी केमिकल कौन सी फैक्ट्री से लेकर आया और जहरीला पदार्थ उसने कहां से खरीदा। मामले में जैतपुरा SHO जबर सिंह ने बताया कि आरोपी अशोक पटेल ने पत्नी को जलाने की बात स्वीकार की है। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को चेंडा के पास घटना स्थल पर मौका तस्दीक करवाई गई है। रविवार को पुनायता औद्योगिक क्षेत्र मौका तस्दीक कराई जाएगी। फिलहाल पूछताछ की जा रही है।