
पंजाब। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जा चुके 80 साल के बुजुर्ग का दिल सड़कों पर मौजूद गड्ढों की वजह वापस धड़कने लगा। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए गए दर्शन सिंह बराड़ के ‘शव’ को पटियाला से करनाल के पास उनके घर शोक सभा के लिए ले जाया जा रहा था। तभी रास्ते में एम्बुलेंस सकड़ पर मौजूद एक गड्ढे से टकरा गई। बराड़ के परिवार ने कहा कि दर्शन सिंह के पोते ने उन्हें अपना हाथ हिलाते हुए देखा। इसके बाद उनकी नब्ज जांची गई तो पता चला कि उनका दिल धड़क रहा था। इसके बाद एम्बुलेंस को निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दर्शन सिंह को जीवित करार दे दिया।

80 साल के दर्शन सिंह हृदय रोग से पीड़ित हैं, अब करनाल के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार ने इस घटना को चमत्कार बताया है। दर्शन सिंह के पोते बलवान ने कहा कि उनके दादा चार दिनों से वेंटिलेटर पर थे और गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने कहा कि उनकी दिल की धड़कन बंद हो गई है। उन्हें वेंटीलेटर से हटा लिया गया और मृत घोषित कर दिया गया।
बलवान ने कहा, “पटियाला में मेरे भाई ने हमें गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे हमारे दादाजी की मृत्यु के बारे में सूचित किया। हम उनके अंतिम संस्कार के लिए एम्बुलेंस को अपने घर ले जा रहे थे। हमने अपने रिश्तेदारों और अन्य स्थानीय निवासियों को भी उनके निधन की खबर दे दी थी। वे सभी निधन पर शोक मनाने के लिए एकत्र हुए थे।” बलनाव ने बताया कि जब एम्बुलेंस हरियाणा के कैथल में ढांड गांव के पास थी, तो वह एक गड्ढे से टकरा गई और बलवान के भाई ने देखा कि दर्शन सिंह बराड़ ने अपना हाथ हटा दिया है। हैरान होकर जब उन्होंने नब्ज की जांच की तो उनकी धड़कने मिल रही थीं। इसके बाद 80 वर्षीय बराड़ को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया।