
नई दिल्ली: सिविल लाइंस इलाके में रविवार दोपहर बाइक सवार बदमाश ने झपटमारी के दौरान ई-रिक्शा पर जा रही बुजुर्ग महिला को गिरा दिया। हादसे में अरुणाचल प्रदेश निवासी महिला के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की दी है। अरुणाचल प्रदेश के बोमडीला निवासी 45 वर्षीय पसांग दोरजी लिवर की समस्या से परेशान हैं। पेशे से कारोबारी पसांग का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसके लिए वह नियमित तौर पर दिल्ली आते हैं।

पसांग ने बताया कि वह 70 वर्षीय मां कुसांग दोरजी, पत्नी, बहन और बच्चों के साथ दिल्ली आए थे। फिलहाल परिवार अरुणाचल भवन में ठहरा था। पूरा परिवार रविवार को मजनू का टीला स्थिति तिब्बती रेस्टोरेंट में लंच करने के लिए गया था। लंच के बाद सभी लोग ई-रिक्शा में बैठकर विधानसभा मेट्रो स्टेशन के लिए रवाना हुए। कुसांग दोरजी ई-रिक्शा पर दाहिनी तरफ बैठी हुई थीं। उनके गले में बैग की पट्टी (डोरी) लिपटी हुई थी। बैग में आईफोन, एक लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज आदि थे।
खैबर पास के नजदीक हेलमेट पहने एक युवक बाइक से आया। वह पलक झपकते ही कुसांग दोरजी के गले में लटके बैग को छीनने की कोशिश करने लगा। तभी ई रिक्शा बाईं तरफ मुड़ा और बैग खींचने की वजह से महिला सिर के बगल सड़क पर गिर गईं। इसके बाद युवक बैग छीनकर फरार हो गया। महिला को शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। पसांग ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद एसआई विजय मान ने मुकदमा दर्ज किया। पसांग ने बताया कि फिलहाल मां की हालत गंभीर बनी हुई है।