विवाहिता ने पति पर लगाया रेप का आरोप

जोधपुर। पीड़ित महिला ने अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी करण सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। क्रिश्चियनगंज थाने के अनुसार 21 वर्षीय एक युवती थाने पहुंची और तहरीर दी। जिसमें बताया गया कि उसकी शादी पिछले साल 27 सितंबर को हुई थी। शादी के बाद से पति मारपीट और गाली-गलौज करने लगा। पति पीहर से पैसे लाने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था। साथ ही देह व्यापार में जाने की धमकी भी दी।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि दो महीने पहले उसका पति राशन कार्ड के कागजात सही कराने के बहाने उसे कोर्ट ले गया और तलाक के कागजात पर दस्तखत करवा लिया. उसे तलाक के कागजात के बारे में तब पता चला जब उसका पति यह कहकर चला गया कि वह अपने माता-पिता के घर जा रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी छानबीन के बाद पता चला कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ रह रहा है। जब पीड़िता पति से मिलने गई तो उसने बताया कि उसका तलाक हो चुका है।
पीड़ित महिला ने क्रिश्चियनगंज थाने में दर्ज अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 27 मार्च 2023 को रात के समय उसका पति उसके साथ गाली-गलौज करते हुए घर पहुंचा और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. पति अब उसे अपने साथ रखने के लिए देह व्यापार में पैसे कमाने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
