
गगरेट। जिला ऊना के गगरेट कस्बे के साथ एक और उपलब्धि जुडऩे जा रही है। ऊना टाउनशिप के बाद अब गगरेट कस्बे में भी एलपीजी की आपूर्ति पीएनजी सिस्टम से होगी। यानी पाइप लाइन के जरिए घरेलू गैस उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड का भारत पैट्रो गैस यूनिट आगे आया है। पीएनजी प्लांट की स्थापना के लिए बाकायदा औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में भूमि लेकर पीएनजी प्लांट का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो मार्च 2024 तक पीएनजी से सप्लाई भी सुनिश्चित होगी। प्रथम चरण के लिए इस प्लांट पर डेढ़ करोड़ रुपए व्यय किया जा रहा है। महानगरों की तर्ज पर भी गगरेट कस्बे में भी पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू गैस की सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगी। इसके लिए अब घरेलू गैस उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गगरेट क्षेत्र में पीएनजी सिस्टम स्थापित करने के लिए भारत पैट्रो गैस ने पहल की है।

भारत पैट्रो गैस ने औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में उद्योग विभाग से प्लाट आबंटित करवा कर पीएनजी प्लांट की स्थापना की भी पहल कर दी है। प्लांट का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है और प्रथम चरण में कामर्शियल सप्लाई सुनिश्चत करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। प्रथम चरण में पीएनजी से औद्योगिक इकाइयों को सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अगले चरण में भारत पैट्रो गैस की गगरेट कस्बे में घरेलू गैस की सप्लाई भी पीएनजी के माध्यम से करने की योजना है। भारत पैट्रो गैस द्वारा यहां पीएनजी प्लांट स्थापित करने के बाद औद्योगिक इकाइयों की यह दिक्कत भी दूर हो जाएगी। गगरेट जैसे छोटे से कस्बे में पीएनजी से गैस सप्लाई को एक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले आईओसीएल द्वारा पेखुवेला में तेल डिपो का संचालन किया जा रहा है, तो एचपीसीएल द्वारा जीतपुर बेहड़ी में इथेनाल प्लांट की स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे है। वहीं, अब बीपीसीएल द्वारा भी पीएनजी प्लांट के लिए यहां दस्तक दी गई है। उद्योग विभाग के प्रसार अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि बीपीसीएल द्वारा औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में पीएनजी प्लांट की स्थापना के लिए प्लाट आबंटित करवाया है, जिस पर निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। बीपीसीएल के हरनूर सिंह ने बताया कि मार्च 2024 तक पीएनजी से सप्लाई शुरू करने की योजना है।