डॉक्टरों ने महिला के पेट से निकाला 10 किलों का ट्यूमर, देखें तस्वीर

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने असंभव जैसे दिखने वाले एक ऑपरेशन को सफलतापूर्वक करके महिला को नई जिंदगी दी है। अस्पताल के डॉक्टरो ने एक महिला के पेट से दस किलोग्राम का ट्यूमर (पानी से भरा मांस का गोला) सफलतापूर्वक निकाला। डॉक्टरों के लिए यह ऑपरेशन आसान नहीं था लेकिन जटिल सर्जरी को कुशलता कर दिखाया।

मिली जानकारी के अनुसार, उल्हासनगर इलाके में सब्जी बेचने वाली 48 साल की महिला पिछले छह महीने से पेट दर्द से काफी परेशान थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण निजी अस्पतालों में इलाज कराना संभव नहीं था। इसलिए वह दर्द को नजरअंदाज करती रही। जब दर्द सहन नहीं हुआ तो वह इलाज कराने सिविल अस्पताल पहुंची। महिला को जनवरी के पहले सप्ताह में इलाज के लिए उल्हासनगर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां के डॉक्टरों ने 20 जनवरी को उसे आगे के इलाज के लिए ठाणे के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया। जब जांच की गई तो महिला के पेट में भारी भरकम पानी से भरा मांस का गोला दिखाई दिया।
अस्पताल के जिला सर्जन डॉ. कैलास पवार एवं अतिरिक्त जिला शल्यचिकित्सक डॉ धीरज महंगड़े के मार्गदर्शन में सोमवार को महिला का ऑपरेशन किया गया और उसके पेट से लगभग 10 किलो वजन का पानी से भरा मांस का गांठ निकाला गया। इस ऑपरेशन को स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रेया शेलके ने सफलतापूर्वक किया और महिला को नई जिंदगी दी। दरअसल, महिला के गर्भाशय की सोनोग्राफी और सीटी स्कैन से पता चला कि उसके पेट में पानी भरा हुआ गांठ हुआ है। इसलिए सर्जरी काफी मुश्किल थी लेकिन अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे चली सर्जरी के बाद गांठ को निकाला। इस सर्जरी को सफल बनाने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. डॉ. श्रेया शेल्के, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट प्रियंका महांगडे और अन्य स्टाफ ने काफी मेहनत की।