दिव्या पाहुजा हत्याकांड: मामलें में फरार आरोपी रवि बंगा गिरफ्तार

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में गैंगस्टर संदीप गाडौली की गर्लफ्रेंड रही मॉडल दिव्या पाहुजा मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी रवि बंगा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे जयपुर से पकड़ा है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने रवि बंगा पर 50 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। रवि बंगा बलराज गिल के साथ BMW कार में दिव्या की लाश लेकर गया था। पुलिस इस मामले में होटल मालिक अभिजीत सिंह, मेघा, ओमप्रकाश, हेमराज और बलराज गिल को गिरफ्तार कर चुकी है।

अभिजीत सिंह ने रिमांड के दौरान खुलासा किया था कि दिव्या ने उसकी मर्दानगी को लेकर कमेंट किया था। गुस्से में पिस्टल निकालकर उसने दिव्या को गोली मार दी। हालांकि पहले पूछताछ में उसने कहा था कि दिव्या के पास उसकी अश्लील फोटो थी, जिनसे वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी। बलदेव नगर की रहने वाली दिव्या पाहुजा (27) की 2 जनवरी को होटल सिटी पॉइंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या होटल मालिक अभिजीत सिंह ने की थी। दिव्या उसके साथ 3 माह से लिव-इन-रिलेशन में थी। हत्याकांड से एक दिन पहले 1 जनवरी को अभिजीत सिंह, दिव्या पाहूजा और बलराज गिल तीनों होटल सिटी पॉइंट पहुंचे थे।
हत्या के बाद अभिजीत ने होटल में काम करने वाले ओमप्रकाश और हेमराज के साथ मिलकर लाश को कंबल में डालकर बाहर तक पहुंचाया। इसके बाद साथी बलराज गिल और रवि बंगा को BMW कार और 10 लाख रुपए देकर लाश को ठिकाने लगाने के लिए भेज दिया। दिव्या की हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने अभिजीत सिंह, होटल के कर्मचारी हेमराज, ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया। इसके बाद अभिजीत सिंह की दूसरी गर्लफ्रेंड दिल्ली निवासी मेघा की गिरफ्तारी हुई। मेघा ने ही अभिजीत सिंह के कहने पर दिव्या का मोबाइल और वारदात में यूज पिस्टल ठिकाने लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने अभिजीत को हथियार सप्लाई करने वाले रोहतक निवासी प्रवेश को गिरफ्तार किया। प्रवेश अभिजीत का PSO बनकर नौकरी करता था।
कई दिनों तक दिव्या की लाश का पता नहीं चला। 11 जनवरी को पुलिस ने बलराज गिल कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। बलराज ने पुलिस को बताया कि उसने रवि बंगा के साथ मिलकर दिव्या की लाश को पटियाला भाखड़ा नहर में फेंका था। 13 जनवरी को पुलिस ने फतेहाबाद क्षेत्र से दिव्या की लाश बरामद कर ली। संदीप गाडौली गुरुग्राम का गैंगस्टर था। उस पर 36 से ज्यादा केस दर्ज थे। जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली, रंगदारी और फिरौती जैसे मामले शामिल थे। उस पर सवा लाख का इनाम था। दिव्या से मुलाकात के बाद दोनों की नजदीकी बढ़ी और दिव्या उसकी गर्लफ्रेंड बन गई।
गुरुग्राम पुलिस ने 7 फरवरी 2016 को मुंबई के अंधेरी इलाके के एक होटल में संदीप गाडौली का एनकाउंटर कर दिया। उस वक्त दिव्या उसके साथ थी। हालांकि बाद में यह एनकाउंटर फेक निकला। पुलिस ने एनकाउंटर को मर्डर करार देकर इसमें शामिल पुलिस वालों और एक और गैंगस्टर बिंदर गुर्जर को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने पहले दिव्या पाहुजा को हत्या का चश्मदीद बनाया था लेकिन जांच में पता चला कि पुलिस ने दिव्या के जरिए हनीट्रैप में फंसा संदीप गाडौली का कत्ल किया। जिसके बाद दिव्या को भी हत्या का आरोपी बना दिया गया।