कलेक्टोरेट में शक्ति द्वार निर्माण के लिए भूमिपूजन

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिला निर्माण के 50वें वर्षगांठ के अवसर पर रानी सूर्यमुखी देवी की स्मृति में कलेक्टोरेट के मुख्य प्रवेश द्वार में शक्ति द्वार निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक, राजगामी संपदा न्यास के सदस्य रमेश खंडेलवाल, गोवर्धन देशमुख, कलेक्टर डोमन सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय एवं एसडीएमअरूण वर्मा ने मंगलवार कलेक्टोरेट कार्यालय में शक्ति द्वार निर्माण के लिए विधि-विधान पूर्वक भूमिपूजन किया। उल्लेखनीय है कि राजगामी संपदा न्यास द्वारा 6 लाख 40 हजार रुपए की राशि शक्ति द्वार के लिए स्वीकृत की गई हैं। राजनांदगांव जिले की यादों को अविस्मरणीय बनाए रखने के लिए शक्ति द्वार का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा शक्ति द्वार का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एस घोष, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
