
देहरादून: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तराखण्ड के दौरे पर हैं। वह हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित वेद विज्ञान एवं संस्कृति महाकुंभ कार्यक्रम के समापन समारोह में भाग लेने पहुंचे। बता दें कि महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वेद विज्ञान एवं संस्कृति महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। जिसके उद्घाटन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पहुंचे थे।

दूसरे दिन भारत की संस्कृति की वर्तमान चुनौतियांः स्वामी दयानंद एक समाधान विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई थी। इस दौरान केंद्रीय कानून एवं न्याय, संस्कृति मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी आज हरिद्वार के जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज का आशीर्वाद लिया और कई मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद सीएम कनखल स्थित हरिहर आश्रम में आयोजित दिव्य अध्यात्म महोत्सव में पहुंचे।