
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली के समाधिपुर गांव में रविवार को मकान की छत गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल की छत पर मरम्मत कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। दूसरी मंजिल की छत टूटकर पहली मंजिल पर गिरी। इस वजह से पहली मंजिल की छत भी गिर गई और नीचे खेल रही दो बच्चियों की मौत हो गई। कुछ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाधिपुर गांव के रहने वाले लाल सिंह के मकान की दूसरी मंजिल की छत पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। मरम्मत के कार्य के दौरान छत पर ईंट लगाई जा रही थी।

इसी दौरान बिल्डिंग मैटेरियल के सामान के वजन से दूसरी मंजिल की छत गिर गई। दूसरी मंजिल की छत के अचानक गिरने से पहली मंजिल की छत भी गिर गई। जिससे नीचे खेल रही लाल सिंह की 5 वर्षीय और 3 वर्षीय पोती छत के मलबे के नीचे दब गईं। हादसे में मजदूर राजवीर, विनोद और पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान दोनों बच्चियों की मौत हो गई।
ईंट बिछवाकर कर छत की मरम्मत का कार्य चल रहा था। ऊपर की छत पर ज्यादा वजन हो जाने के कारण ऊपर की छत बीच वाली छत पर गिर गई। इसके चलते यह हादसा हुआ है। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। लोग एक दूसरे को बचाने में जुट गए। हादसे के बाद बच्ची के परिजनों का बुरा हाल था। अन्य लोगों ने किसी तरह उन्हें समझाया।
ग्रामीणों ने बताया कि लाल सिंह के बेटे राहुल पर पर तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटियों की हादसे में मौत हो गई है। परिवार में मासूम बच्चियों की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी दादरी सार्थक सेंगर ने बताया कि पहली और दूसरी मंजिल की छत गार्डर पटिया की थी। दूसरी मंजिल की छत गिरने से पहली मंजिल की छत भी गिर गई। इसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।