
देहरादून: देहरादून से IFS के ट्रांसफर को लेकर एक बड़े विवाद की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वन अधिकारी के ट्रांसफर को लेकर वन मंत्री और भाजपा विधायक के बीच हुई कहासुनी ने एक बड़े सियासी विवाद को जन्म दे दिया है। आपको बता दें कि यह कहा-सुनी अब केवल शब्दों तक सीमित नहीं रह गई है।

धरने से जुड़ी जानकारी देते हुए भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि वन मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके साथ अपने आवास पर अभद्रता की। जिसके जवाब में वन मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि भाजपा विधायक ने इस विषय से सम्बंधित सरकारी कागज़ मौके पर ही उनके सामने फाड़ डाले। जिसे वन मंत्री ने एक गंभीर कृत्य बताते हुए आगे की कार्यवाही को हाई कमांड के निर्णय पर छोड़ दिया है। भाजपा मंत्री और विधायक के बीच हुई इस गहमा-गहमी की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पुरोला विधायक को तलब किया है। लोकसभा चुनाव को लेकर हाल ही में हुई बैठक में सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता से दूर रहने के निर्देश दे चुके हैं।