
बिलासपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस जब भी चुनाव हारती है, तो कभी जातीय जनगणना तो कभी क्षेत्रवाद की बात करती है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा ही विकास विरोधी रही है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह बात झंडूता विधानसभा क्षेत्र में अपने दौरे के दौरान कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कारगुजारियां किसी से छिपी नहीं है।

केवल मात्र अपने चहेतों का ही विकास करवाया है, जबकि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवाई में आम जनता को योजनाओं का लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आयोजित हुए चुनाव के दौरान भाजपा को आम जनता का पूरा समर्थन मिला है, जिसके चलते कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। नरेंद्र मोदी की अगवाई में कई ऐसी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जो आम जनता तक पहुंची हैं।