
पानीपत। हरियाणा के पानीपत शहर में सोमवार शाम को बस ने दो युवकों को कुचल दिया। हादसा GT रोड पर ऑफिसर कॉलोनी से कुछ दूरी पर हुआ। बाइक सवार दोनों युवक पहले हाईवे पर खड़ी ट्रॉली से टकराकर नीचे गिरे। जिसके बाद अनियंत्रित बस के टायर दोनों युवकों के ऊपर से गुजर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक करनाल के रहने वाले थे। दोनों युवकों के शव जीटी रोड पर पड़े होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर सभी आवश्यक कार्रवाई कर शवों को वहां से पुलिस की एंबुलेंस से सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका पंचनामा भरवाकर शवगृह में रखवा दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक पानीपत नंबर की ही बाइक पर सवार थे। बाइक का नंबर HR06BD5019 है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक करनाल के कोहंड का रहने वाला था, जबकि दूसरा घरौंडा का निवासी था। दोनों फ्लेक्स बोर्ड का काम करते थे। इसी काम से वह सोमवार को पानीपत आए थे। शाम को काम खत्म कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शी अशोक कुमार ने बताया कि जीटी रोड पर पिछले करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा वक्त से बिना इंडिकेटर दिए दाहिनी ओर ट्रॉली खड़ी थी। जिसकी वजह से ट्रैफिक भी सही से नहीं चल रहा था। इसी दौरान शहर की ओर से एक बाइक आई। जिसका हैंडल ट्रॉली से जा टकराया। टकराते ही दोनों नीचे गिर गए। इसी बीच पीछे से एक तेज रफ्तार हरी बस आई। जो जीटी रोड पर पड़े दोनों युवकों को रौंदते हुए आगे निकल गई। हालांकि, बस कुछ दूरी पर जाकर रुकी भी थी, लेकिन इसके बाद चालक तेज गति से दौड़ाता हुआ बस को ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हरे रंग की नई बस थी। जिस पर गुब्बारे भी लगे हुए थे। जोकि हादसे के बाद तेज गति से चली गई।