
बरहज। बरहज नगर के मुख्य चौराहे पर पुरानी रंजिश में दो युवकों पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। पहले फायरिंग की और फिर बट से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास, बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बरहज नगर के गौरा के रहने वाले राजा सोनकर 25 पुत्र जवाहर सोनकर और भैया बिजौली के रहने वाले आदित्य सिंह 24 पुत्र विश्वजीत सिंह मुख्य मुख्य मार्ग स्थित एक दुकान से सामान खरीद कर मुख्य चौक की ओर आ रहे थे।

इस बीच अचानक नौ लोगों पहुंच गए और कनपट्टी पर असलहा लगा दिया और फायरिंग की। इसके बाद बट से ही आरोपितों ने दोनों की पिटाई की। राजा व कुछ अन्य लोगों ने असलहा को पकड़ लिया और छीन कर वहां तैनात होमगार्ड को सौंप दिया। पुलिस सक्रिय होने पर आरोपित भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने राजा सोनकर की तहरीर पर लवरछी के रहने वाले राहुल यादव, विवेकानंद, लक्की यादव, हिमांशु यादव व पांच अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।