
यूपी। मुरादाबाद में विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप शर्मा पर घर के बाहर गोली चलाई गई। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने रविवार देर शाम फायरिंग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर 9बी निवासी प्रदीप शर्मा (उम्र 33 वर्ष) विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह दिल्ली रोड मझोला में चंदनवन नाम से रिसोर्ट चलाते हैं। प्रदीप शर्मा के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे वह अपने रेसार्ट से कार में सवार होकर घर पहुंचे थे। घर के बाहर कार खड़ी करके नीचे उतर रहे थे तभी दो बदमाशों ने घेर लिया।

प्रदीप शर्मा तेजी से घर के अंदर की ओर बढ़े तो बदमाशों ने गोली चला दी। हालांकि फायरिंग में प्रदीप शर्मा बाल-बाल बच गए और गोली वहीं पास में जमीन में धंस गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो बाइक सवार बदमाश मौके से भाग निकले। जिसके बाद घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर, एसएचओ मझोला संजय पांचाल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदीप शर्मा से घटना की जानकारी ली। प्रदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार को उनका एक लकड़ी ठेकेदार से विवाद हुआ था, लेकिन उसमें समझौता हो गया था। इसके आलवा उन्होंने कोई और विवाद नहीं बताया।
प्रदीप शर्मा ने पुलिस को यह भी बताया कि हमला करने वाले युवकों में एक 25 से 30 साल और दूसरा करीब 22 साल का था। दोनों जैकेट पहने हुए थे। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी जाएगी। इस संबंध में सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि अभी पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज भी एकत्रित कर रही है। जांच में जो भी तत्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।