
फरीदाबाद: फरीदाबाद के गांव रिवाजपुर में शनिवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार ने एक स्कूली ऑटो को टक्कर मार दी। इससे ऑटो बीच सड़क पलट गया। उसमें बैठे करीब सात छात्रों को चोटें आई हैं। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को बीके अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे के बाद मौके से कार चालक फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, घायलों में आठ वर्षीय सिमरन, पांच वर्षीय परी, आठ वर्षीय जानवी, 13 वर्षीय मनीष, पांच वर्षीय सांची, चार वर्षीय दृष्टि और 12 वर्षीय निखिल है। भूपानी थाना के प्रभारी महेन्द्र पाठक ने बताया, सभी बच्चों की हालत स्थित है। सभी रिवाजपुर स्थित एक निजी स्कूल के छात्र हैं। पुलिस घायल बच्चों और उनके अभिभावकों का बयान दर्जकर आगे की कार्रवाई करेगी। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
काफी तेज रफ्तार में थी कार ऑटो चालक राजेश ने बताया, वह बच्चों को ऑटो में लेकर हैरोल्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल छोड़ने जा रहा था। जैसे ही उसने स्कूल के आगे से ऑटो मोड़ा, तभी तेज रफ्तार एक कार ने टक्कर मार दी। इसके ऑटो पलट गया और सभी बच्चे उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। राजेश ने बताया, हादसे के वक्त कार चालक फोन पर बात कर रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह नशे में था।
सहमे हुए हैं बच्चे हादसे के बाद से सभी बच्चे सहमे हैं। वह अस्पताल में काफी डरे दिखे। वह किसी से बात भी नहीं कर पा रहे थे। अभिभावक को देखकर वह रोने लगे थे। हालांकि, डॉक्टर और अभिभावकों के आश्वासन के बाद बच्चे शांत हुए।
घायल छात्र निखिल के पिता अनिल ने बताया, बेटे ने ही किसी से फोन करवा कर हादसे की सूचना दी थी। वहां पहुंचे तो पता चला बच्चों को अस्पताल ले जाया गया है। वह बीके अस्पताल गए, वहां बच्चे की हालत देख डर गए। उन्होंने कहा, कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पारे में गिरावट आते ही दिल्ली-आगरा हाईवे पर हादसे बढ़ गए हैं। बीते सात दिनों में बल्लभगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें एक महिला और बच्चे शामिल है। इसके अलावा दो बाइक सवार की मौत तेज रफ्तार वाहनों के कुलचने से हुई है।