
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में घने कोहरे के चलते बुधवार को नेशनल हाईवे पर करीब एक दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। कोहरे में आपस में टकराने वाले वाहन में मुर्गों से भरी एक गाड़ी भी थी। नेशनल हाईवे पर गाड़ी खड़ी देख लोगों ने लूट मचा दी। गाड़ी का घायल चालक चीखता रहा, लेकिन लोग वाहन रोककर मुर्गे लेकर जाते रहे।

झरना नाले पर कोहरे में कई वाहन भिड़ गए थे। इसमें सुनील कुमार की गाड़ी भी थी। सुनील ने बताया कि वो उनकी गाड़ी में मुर्गे भरे थे। वो आगरा से कासगंज जा रहे थे। जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
सड़क हादसे के बाद गाड़ी सड़क पर छोड़कर वो सड़क किनारे खडे़ हो गए। जैसे ही सुबह हुई और लोगों का आवागमन हुआ तो लोगों ने गाड़ी में मुर्गे देखकर उनको लूटना शुरू कर दिया। सड़क के दोनों तरफ लोग अपने वाहन रोककर मुर्गे लूटने में लग गए। पहले तो उन्होंने लोगों को रोका, लेकिन भीड़ के आगे वो कुछ कर नहीं पाए। सुनील ने बताया कि गाड़ी में करीब ढाई लाख रुपए के मुर्गे थे। भारी नुकसान हुआ है।
आगरा एक्स्प्रेसवे पर कोहरे के कारण गाड़ियां आपस में टकरा गई एसे में लोगों ने सर्दी से बचने का किया इंतजाम लुटा मुर्गों का ट्रक pic.twitter.com/TQc61dwbQL
— गौरव (@GauravPalRaj) December 27, 2023