
गुरुग्राम: रिहायशी इलाकों के घरों में कारोबार करने वाले लोग अब सावधान हो जाएं। गुरुग्राम में जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन विभाग की अवैध निर्माण और रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई जारी है। प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को भी उप्पल साउथ एंड विपुल वर्ल्ड कॉलोनी में 12 व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने पर 10 मकानों को सील कर दिया। इनमें होटल, पीजी चलाने पर यह कार्रवाई की है।

डीटीपी मनीष यादव के निर्देश पर टीम की ओर से पहले उप्पल साउथ एंड विपुल वर्ल्ड कॉलोनी के रिहायशी मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों का सर्वे किया गया था। जिन मकानों में गतिविधियां मिली थीं, उन्हें नोटिस देकर बंद करने आदेश दिए गए। लेकिन, मालिक मालिकों की ओर से कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला।
डीटीपी के नेतृत्व में शुक्रवार को दो कॉलोनियों में सीलिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 12 व्यावसायिक गतिविधियां सील की गईं। इसमें एक होटल, पांच पीजी गेस्ट हाउस, तीन कॉमर्शियल शॉप, एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफिस, एक प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस, एक वास्तुकार ऑफिस शामिल हैं। डीटीपी की ओर से अब तक 700 से अधिक गतिविधियों पर कार्रवाई हो चुकी हैं।
गौरतलब है कि, गुरुग्राम में सैकड़ों मकानों पर सीलिंग की तलवार लटक रही है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सेक्टरों के आवासीय मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों पर कार्रवाई करेगा। जुलाई महीने में संपदा दफ्तर-1 विकास ढांडा ने 16 सेक्टरों के 400 मकान मालिकों को व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने का नोटिस दिया था। नोटिस में सीलिंग की चेतावनी दी गई थी। इसमें कहा गया था कि सेक्टर निवासियों की ओर से लगातार शिकायत मिल रही है कि मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां बंद नहीं हुई है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। अब विभाग ने कॉलोनियों में ऐसी गतिविधियां रोकने के लिए सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए हैं।