
घुमारवीं। कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को घुमारवीं के क्यारी क्षेत्र में स्वर्गीय सीता राम सैनी की स्मृति में निर्मित होने वाले मजदूर सदन का शिलान्यास किया। एक करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से बनने वाले इस भवन को हिमाचाल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन एंड मनरेगा मजदूर यूनियन इंटक, हिमाचल प्रदेश और ऑल हिमाचल पीडब्ल्यूडी, आईपीएच एंड कंट्रेच्युअल वर्कर्स यूनियन के सदस्यों द्वारा स्व. निधि से निर्मित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी की सोच का नतीजा है जो आज पूरे देश में गठित है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश श्रमिक कल्याण बोर्ड का गठन भी मजदूरों को उनके अधिकारों की संरक्षण व संवर्धन के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड में जो भी सुधार की आवश्यकता है, उसे पूर्ण करने के लिए सभी संगठनों को साथ बिठाकर संवैधानिक रूप से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मजदूरों के हकों का दुरुपयोग न हो इस संबंध में कड़े कदम उठाए जाएंगे। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह ने अपने संबोधन में श्रमिक कल्याण बोर्ड के अंतर्गत मजदूरों के पंजीकरण एवं अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार के ध्यान लाने का आग्रह किया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, प्रधान क्यारी पंचायत अनीता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, अभिषेक भारद्वाज जिला एनएसयूआई अध्यक्ष, शिवांश आदि मौजूद रहे।