शिमला में नहीं वसूल सकते ग्रीन टैक्स, कंगनाधार वार्ड के पार्षद ने उठाया सवाल

शिमला। नगर निगम के हाउस में सोमवार को कंगनाधार वार्ड के पार्षद राम रतन वर्मा ने सवाल उठाया कि ग्रीन टैक्स को लेकर सालों से बाते ही चल रही हैं। इसको लेकर अभी तक क्या प्रक्रिया हुई है। निगम इसको लेकर क्या कर रहा है। मनाली की तर्ज पर ग्रीन टैक्स वसूलने का कार्य क्यों नहीं किया जा रहा है। इसके लिए फास्ट ट्रैक की तरह कोई कार्य क्यों नहीं किया जा रहा है। इस पर आयुक्त भुपेंद्र अत्री ने कहा कि मनाली की तर्ज पर शिमला में ग्रीन टैक्स वसूलने का कार्य नहीं किया जा सकता। शिमला आने के लिए बहुत रास्ते हैं और मनाली जाने के लिए एक ही एंट्री है।

वहीं फास्र्ट ट्रैक लगाने के लिए भी रोकने का स्थान चाहिए लेकिन उसके लिए पहले ही एनएचएआई ने मना कर दी है। ऐसे में कंपनियों से प्लान मांगा गया है ताकि सभी की गाडिय़ों से टैक्स वसूला जा सके। वहीं यदि कोई टैक्स नहीं देता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई भी कर सके। वहीं राम रतन वर्मा ने नगर निगम हाउस में प्रस्ताव भी रखा कि नगर निगम का एक अपना रेस्ट हाउस भी होना चाहिए। टुटीकंडी स्थित नगर निगम की पार्किंग में रेस्ट हाउस को बनाया जा सकता है। इस प्रस्ताव को भी नगर निगम ने मंजूरी दे दी है।