
बिलासपुर। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में बेहतर सुधार लाने के लिए जिला बिलासपुर में 4 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जाएंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र में लुहणू कनैतां, घुमारवीं के हटवाड़, श्री नयनादेवी के खुराणी तथा झण्डूता विधानसभा क्षेत्र के झंडूता में खोले जाएंगे। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने के लिए 50 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जाएगी। यह खुलासा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन बिलासपुर और पर्यटन विभाग द्वारा एयरो स्पोर्ट्स और वॉटर स्पोर्ट्स का अनुभव लेने के लिए एक ऐसा मंच तैयार किया जा रहा है जिससे जिला के युवा भी इन खेलों के प्रति आकर्षित होंगे और इन खेलों को अपने करियर के रूप में भी अपना सकते हैं। जिला में गठित पर्यटन समिति के माध्यम से जिला बिलासपुर में प्रशासन के माध्यम से आयोजित होने वाली पर्यटन गतिविधियों के आयोजन के लिए शुल्क लिए जाएंगे और इस शुल्क से प्राप्त राशि का इस्तेमाल जिला के विकास में खर्च किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए औहर में 150 करोड़ की लागत से फोरलेन की दोनों ओर पर्यटन विकास का आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा। इसके लिए 20-20 बीघा ज़मीन पर्यटन विभाग के नाम स्थानांतरित की जा चुकी है। यहां एक बड़ा पर्यटन आकर्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा । इसके अतिरिक्त औहर में 5 बीघा ज़मीन पर एक हेलिपोर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला में पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से कुल्लू मनाली की ओर जाने वाले पर्यटकों को बिलासपुर में पर्यटन के लिए आकर्षित किया जाएगा। यदि 50 प्रतिशत पर्यटक भी बिलासपुर रुकते हैं तो इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा। जिला बिलासपुर के 125 निराश्रित बच्चे चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट सूची में शामिल मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अन्तर्गत जिला बिलासपुर में 125 निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट सूची में शामिल किया गया है। रौड़ा सेक्टर की निराश्रित बच्ची नक्षत्रा सिंह को इस योजना के अन्तर्गत घर बनाने के लिए जमीन और स्टार्ट अप के लिए 2 लाख रूपये की राशि दी गई है। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास किया जाएगा।