
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर आज रायपुर पहुंचे हैं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया है। ओममाथुर कल प्रदेश मंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों और विधायकों की बैठक लेंगे।

रायपुर पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि भाजपा की सरकार अपने वादे पूरे करने आई है, हमने पहले ही कहा था कि सरकार बनते ही हम फैसला लेना शुरू कर देंगे। ओम माथुर ने कहा कि यह जनकल्याण की सरकार है। छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने वाली सरकार है। हम विचार विमर्श करके आगे भी फैसला लेंगे। वहीं ओम माथुर ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से कोई फर्क नहीं पड़ता। पहले भी बहुत सी यात्राएं की है पहले भारत जोड़ो यात्रा निकाली अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। माथुर ने कहा कि राहुल गांधी पहले अपने खुद के साथ न्याय करें। 65 साल तक इस खानदान ने देश को लूटा है और अब वे देश के लिए न्याय यात्रा की बात कर रहे हैं।