भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव में नियुक्त आब्जर्वर पर लगाए आरोप, मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बागेश्वर उपचुनाव के लिए नियुक्त आब्जर्वर पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है। 05 सितंबर को उपचुनाव है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि विधानसभा उपचुनाव बागेश्वर लिए चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त सेंट्रल आब्जर्वर राजेश कुमार का आचरण संदेहास्पद और अत्यंत अशोभनीय है। वे एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं, वहीं अधिकारियों पर भी इसके लिए अनुचित दबाव बना रहे हैं। साथ ही वे कांग्रेस पार्टी के सक्रिय सदस्य के समान कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को परोक्ष और अपरोक्ष लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। महेंद्र भट्ट ने इस विषय को संज्ञान लेकर त्वरित कार्यवाही की मांग की है।
